माता-पिता और बच्चों में झगड़े की बातें तो अक्सर सुनने में आती है लेकिन इंदौर में एक ऐसी घटना हुई जिसे सुनकर सबके होश उड़ गए। मासूम भाई-बहन पर सौतेले पिता और मां ने इतने जुल्म किए कि उनका जीना दूभर हो गया। शराब के नशे में सौतेला पिता पैर दबवाता तो मां पिटाई करती। इतना ही नहीं दोनों को घर में कैद करके चले जाते। भाई-बहनों को बेचने की साजिश चल रही थी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
मामला इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर का है। 12 साल की बालिका और उसके 8 वर्षीय भाई को मां और सौतेला पिता घर में कैदकर चले जाते थे। खाने-पीने को भी नहीं देते थे। रात को लौटकर मारपीट करते। पिता अपने दोस्तों के साथ शराब पीता और बच्चों से पैर दबवाता। दोनों बच्चों को राजस्थान में बेचने की साजिश थी। बालिका को जब इसकी भनक लगी तो वह छोटे भाई को लेकर पड़ोसी के घर पहुंच गई। पड़ोसी को पूरी बात बताई। फिर चाइल्डलाइन को सूचना दी गई। चाइल्ड लाइन की टीम मौके पर पहुंची। बच्चों को अपनी सुपुर्दगी में लिया और माता-पिता पर प्रकरण दर्ज करवाया।
बालिका से बोली मां-तुझे राजस्थान जाना है
बालिका व उसका भाई अपनी मां व सौतेले पिता के साथ गायत्री नगर में रहते हैं। मंगलवार देर रात को भी मां ने बालिका को पीटा। पिता दोनों को राजस्थान में बेचने की योजना बना रहा था। इसे बालिका ने सुन लिया। मां ने बच्ची से कहा, कपड़े पैक कर लें, तुझे राजस्थान जाना है। इससे डरकर दोनों मासूम पड़ोसी के घर में जाकर छिप गए। दोनों ही मां के साथ जाने को तैयार नहीं थे। मां जबरदस्ती ले गई और जमकर पीटा।
रात 12 बजे हुए बयान
चाइल्ड लाइन और हीरानगर पुलिस की टीमें रात 12 बजे बच्ची के घर पहुंचीं और बयान लिए। बच्ची ने प्रताड़ना की जानकारी दी, तो बच्ची को चाइल्डलाइन की टीम साथ ले गई। हीरानगर पुलिस ने भी केस दर्ज किया है। महिला की एक बेटी और है जो लापता है। उसकी बहन ने बताया कि बड़ी बहन राजस्थान में नानी के पास है। घर में बड़ी बेटी की फोटो पर हार-फूल टंगे थे, जो शंका पैदा कर रहे हैं। मामले में आगे जांच करने की बात की जा रही है।