मप्र के बहुचर्चित हनीट्रेप केस में आरोपी आरती दयाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई जिसके बाद वह जेल से रिहा हुई। इसी केस में आरोपी श्वेता विजय जैन को भी जमानत मिलने के बाद शुक्रवार रात को जेल से रिहा किया गया। आरोपी महिलाओं ने बस इतना कहा कि समय आने पर सब बताएंगीं।
बता दें कि इंदौर की पलासिया पुलिस ने दिसंबर 2019 में इंजीनियर हरभजन सिंह की शिकायत पर श्वेता विजय जैन, श्वेता स्वप्निल जैन और आरती दयाल सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि महिलाओं ने इंजीनियर का अश्लील वीडियो बनाकर तीन करोड़ रुपयों की मांग की थी। हनीट्रैप केस में तो महिलाओं को जमानत मिल गई, लेकिन सीआईडी (भोपाल) में दर्ज मानव तस्करी का केस सर्वोच्च न्यायालय पहुंच गया। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर आरती दयाल की गुरुवार रात रिहाई हुई, जबकि श्वेता को शुक्रवार रात रिहा किया गया। दोनों अपने भाइयों के साथ गईं। श्वेता जैन नकाब बांधे जेल से बाहर निकली। उसने मामले को लेकर किसी तरह की बात नहीं की। कार में बैठते वक्त सिर्फ ये कहा कि समय आने पर सब बताऊंगी।