सीएम मोहन यादव ने घायलों से कुशलक्षेम पूछी।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के हरदा में मंगलवार हुए हादसे के बाद अब नेताओं के सियासी दौरों का क्रम शुरू हो चुका है। बुधवार सुबह जहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घायलों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना तो वहीं दोपहर बाद प्रदेश के मुखिया मोहन यादव भी घायलों के हाल-चाल जानने हरदा पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का हवाई दौरा कर जिला अस्पताल में घायलों के कुशलकिक्षेम जाना, तो वहीं इसके बाद वे घटनास्थल पर किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य को देखने गए। साथ ही मृतकों के परिजनों को भी मुख्यमंत्री ने ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने इस हादसे के जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई करवाने का आश्वासन भी दिया।
अपने दौरे के अंत में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि वे हरदा में कल जो हादसा हुआ था उसके घायलों से मिलने आए हुए थे, और घायलों की जो सबसे बड़ी संख्या भोपाल में थी उनसे वे कल रात में भोपाल में भी मिले थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही कल उनकी जानकारी में आया और कैबिनेट की जानकारी में आया था, वैसे ही उन्होंने तुरंत मंत्री उदय प्रताप सिंह को घटनास्थल के लिए रवाना किया था। यह एक तरीके से गंभीर हादसा भी है, इसलिए उन्हें लगा कि उन्हें स्वयं भी यहां जाना चाहिए। इसलिए वह यहां आए हैं। यहां घायलों से मिलने के बाद और उनको शासन की जो भी यथायोग्य मदद है वह की जा रही है।
सीएम बोले, कार्रवाई ऐसी होगी लोग याद रखेंगे
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हम कोशिश कर रहे हैं की जो मृतकों के परिवार हैं, उनमें से कुछ से वे ऊपर अस्पताल में मिले थे, और अभी कुछ के परिवारों में बैठने भी जाएंगे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जो टीम हमने गठित की है वह जो रिकमेंड करेगी, वह ठोस कार्रवाई की जाएगी और कार्रवाई ऐसी होगी कि ये लोग हमेशा याद रखेंगे।