जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 स्थित ठाकुर बाबा मोहल्ले में 57 वर्षीय महिला की गला घोंटकर हत्या का मामला सामने आया है। महिला के घर से सोने की माला और कानों के कुंडल गायब मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस वारदात को लूट के इरादे से की गई हत्या मानकर जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला बेलपत्र लेने मृतक पुष्पा गौर के घर पहुंची थी। घर के अंदर पलंग पर पुष्पा अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। पड़ोसी महिला ने तत्काल उनके भाई अनुराग गौर को सूचना दी। इसके बाद टिमरनी थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला का बिजली के तार से गला घोंटा गया था। उनके गले में पहनी सोने की माला और कानों के कुंडल मौके से गायब मिले, वहीं पलंग के पास सोने का एक मोती भी मिला है। पुलिस को आशंका है कि संघर्ष के दौरान या जेवर खींचने के दौरान माला टूट गई होगी।
ये भी पढ़ें: जबलपुर में नाबालिग से दरिंदगी: वीडियो बनाकर दी धमकी, सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में नाबालिग समेत पांच गिरफ्तार
बताया गया है कि पुष्पा गौर के पति का करीब 19 वर्ष पहले निधन हो चुका था, वहीं उनके इकलौते बेटे की करीब तीन वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से वे घर में अकेली रह रही थीं। एएसपी अमित मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लूट के इरादे से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने हत्या और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए नर्मदापुरम से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों और जेवरों की तलाश में भी जुटी है। फिलहाल तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ वारदात की पूरी तस्वीर और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी।