मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सब-इंस्पेक्टर अतर सिंह के साथ हुई अभद्रता और मारपीट को लेकर विभाग ने उसकी कोई मदद नहीं की। इसे लेकर सब इंस्पेक्टर ने अपना दुख सोशल मीडिया पर बयां किया है। उनका वीडियो वायरल हो गया है। इसमें वह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि 'ऐसी ही पिटती रहेगी पुलिस।'
मामला ग्वालियर का है। जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें अंतरसिंह ने अपना दुखड़ा सुनाया है। उसने कहा कि पुलिस इसी तरह पिटती रहेगी। यह पुलिस की बहुत बड़ी दुर्दशा और विडंबना है। इस वीडियो में एसआई ने थाने के पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाया कि आज के बाद अगर थाने के किसी पुलिस कर्मचारी के साथ कोई घटना होगी तो मैं बिल्कुल मदद नहीं करूंगा। आज मेरे साथ जो घटना घटी है, कई बार कहने के बावजूद भी थाने के किसी पुलिस कर्मचारी ने मेरी मदद नहीं की है। सब-इंस्पेक्टर का कहना है कि जब तक विभाग के लोग एक-दूसरे की मदद का नहीं सोचेंगे, तब तक उनके साथ अभद्रता का ऐसा ही सलूक होता रहेगा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
यह है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि मुरार थाना क्षेत्र में एक कार सवार युवक ने दिनदहाड़े एसआई के साथ हाथापाई कर दी। एसआई अंतरसिंह अपनी कार से किसी मामले की जांच के लिए सात नंबर चौराहे से गुजर रहे थे। वहां एक युवक ने कार ऐसे लगा रखी थी कि अंतरसिंह की कार नहीं निकल सकी। एसआई ने कार हटाने को कहा तो युवक बौखला गया। एसआई से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ा तो युवक ने एसआई के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने बीचबचाव किया, लेकिन युवक ने किसी की नहीं सुनी। इस बीच, एसआई ने थाने में फोन लगाया लेकिन मदद को कोई नहीं आया।
थाने में दर्ज किया है केस
एसआई का आरोप है कि थाने में कई बार फोन करने के बाद भी कोई मौके पर नहीं आया। अपने विभाग से मदद न मिलने के कारण एसआई का दर्द छलक उठा। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए अपनी बात कही। उसका यह वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने एसआई की शिकायत पर युवक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।