ट्रेन में सफर के दौरान चोरी। (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : freepik
ग्वालियर जीआरपी पुलिस ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर महिला यात्रियों के हैंडबैग से जेवरात चोरी करने वाली दो शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 15 हजार रुपये मूल्य के सोने चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले का खुलासा मंगलवार को किया।
जीआरपी ने फूलबाग क्षेत्र स्थित स्वर्ण रेखा नदी किनारे की झुग्गियों में दबिश देकर 20 वर्षीय शिवानी और 18 वर्षीय विद्या पत्नी प्रकाश जाटव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी महिलाएं पूर्व में भिंड और झांसी के इलाकों में भी सक्रिय रही हैं।
ये था तरीका
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिलाएं ट्रेनों में महिला यात्रियों के पास बैठ जाती थीं। वे जानबूझकर अपना पैर यात्री महिला के पैर पर रख देती थीं। जैसे ही महिला यात्री अपना पैर हटाने या बिछिया ठीक करने के लिए झुकती वे झोले या बैग से चुपचाप जेवर निकाल लेती थीं। पुलिस का कहना है कि यह गैंग ग्वालियर, झांसी और भिंड के रेलवे स्टेशनों पर लंबे समय से सक्रिय था।
ये भी पढ़ें- खंडवा में ATS ने चार युवकों को उठाया, सिमी मुखिया अकील खिलजी का बेटा गिरफ्तार; महाराष्ट्र ले गई पुलिस
झांसी में चोरी के फुटेज से हुई पचान
इस गैंग का खुलासा एक चोरी की जांच के दौरान हुआ। दतिया निवासी ममता शर्मा का पर्स आगरा झांसी मेमू ट्रेन में चोरी हो गया था, जिसमें 1.5 तोला का हार और 2.5 तोला की चार चूड़ियां थीं। इस मामले की जांच में जब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुराग खंगाले गए, तो महिला गैंग की पहचान हुई।
कौन है मददगार
गिरफ्तारी के तुरंत बाद एक वकील आरोपियों को छुड़ाने थाने पहुंच गया, जबकि परिवार वालों को इसकी जानकारी तक नहीं थी। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला चोरों के पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय है, जो कानूनी और आर्थिक रूप से उनका समर्थन कर रहा है। रेलवे जीआरपी के मुताबिक पिछले 3 महीनों में 7 बड़ी चोरियां हुई हैं, जिनमें कुल 22 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात चोरी हुए हैं।