ग्वालियर में सीएम के कार्यक्रम में जबरन घुसने की कोशिश की गई थी।
- फोटो : अमर उजाला
ग्वालियर में आंबेडकर महाकुंभ में शिरकत करने पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान का काफिला रोकने वाली आशा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आठ नामजद सहित अन्य पर पुलिस ने चक्का जाम करने और शांति भंग करने का केस दर्ज किया है।
एडिशनल एसपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि मेला ग्राउंड परिसर में आयोजित हुए भारतीय जनता पार्टी के आंबेडकर महाकुंभ में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जबरन मिलने की कोशिश करने वाली आशा कार्यकर्ताओं के खिलाफ गोले के मंदिर थाने में चक्काजाम करने और शांति भंग करने का मामला दर्ज किया गया है।
दरअसल सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आशा कार्यकर्ता इंद्रमणि नगर चौराहे पर जमा हुई थीं और जबरन आयोजन स्थल पर घुसने के लिए प्रयास किया था और जब नहीं जाने दिया गया तो उन्होंने चक्काजाम भी कर दिया था जिससे आम जनों को ही परेशानी को देखते हुए उनके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी पहचान सुनिश्चित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।