तोमर मकान टूटने से नाराज लोगों से चर्चा कर रहे थे।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्प प्रदेश सरकार के एक मंत्री का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे जनता से कह रहे हैं कि आप चाहें तो मुझे जूते मार लें, डंडे बरसा लें, पर मैं काम वही करूंगा जो आने वाली पीढ़ियों के हित में हो।
हम बात कर रहे हैं अपने बयानों और कार्यों से अक्सर चर्चा में रहने वाले प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर की। बता दें कि वे शासकीय कार्रवाई में मकान टूटने से नाराज लोगों से चर्चा कर रहे थे। तोमर ने ये भी कहा कि अगर आप मुझे निकम्मा समझते हैं और आपके किसी काम का नहीं हूं तो आप बोलिए मैं आज ही रिजाइन कर देता हूं।
गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर सोमवार को अपनी विधानसभा क्षेत्र में थे। वहां किला गेट चौराहे से लेकर फूलबाग सेवानगर तक सड़क चौड़ीकरण का काम लटका हुआ है और इसके लिए अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। वर्षों से रहे रहे, व्यापार कर रहे लोग इसका विरोध कर रहे हैं। रविवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान उपद्रव भी हो गया था। पुलिस को लाठियां तक चलानी पड़ी थीं। उसके बाद यहां के स्थानीय लोग ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।
उन्हीं लोगों से बात करने के लिए तोमर पहुंचे थे। बीच सड़क पर बात करते हुए तोमर ने कहा कि आप लोग यहां खड़े हैं, आप असंतुष्ट है कि तोमर निकम्मा है, काम नहीं कर रहा है, आपके साथ अन्याय किया है तो मैं क्षत्रिय बालक हूं। आप यहां कहेंगे तो मैं रिजाइन करके बाहर हो जाऊंगा कुर्सी से। अगर आपको मेरे ऊपर विश्वास नहीं है। मुझे कुछ नहीं कहना। आपको लाठी चलना है लाठी चलाइए, आपको पत्थर फेंकना है पत्थर फेंकिए, आपको मुझे जूते मारना है जूते मारिए, पर मैं वो ही काम करूंगा जिसमें आने वाली पीढ़ी और ग्वालियर का भला हो। आप मेरी बात को सुन लें। अगर नहीं भरोसा है, आप मुझे दूसरे नेताओं की तरह गिनना चाहते हैं तो गिन लीजिए। ये न तो मेरा चुनावी भाषण है, न किसी को क्रोधित करने का भाषण है। आपको गाली देना है, दीजिए। और यह काम आगे वाली पीढ़ियों के लिए बहुत ही जरूरी है। कई सालों से काम अटका है। प्रशासन मुझ पर आरोप तक लगा चुका है कि मैं काम नहीं करने दे रहा। तोमर बोले कि मैं जनता का, आपका सेवक हूं इसलिए आपके पास आया हूं। मैं चाहता हूं कि कोई बीच का रास्ता निकालो जिससे हम सबका भला हो सके।