ग्वालियर जिले के हजीरा में दो पक्षों पर थूकने पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद पुलिस को बुलाना पड़ा। लेकिन बाद में एक पक्ष पुलिस से भी भिड़ गया। लोगों ने पुलिस जवान से अभद्रता की और टीआई मनीष धाकड़ को गालियां देकर मारने के लिए दौड़ाया। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने मामले को लेकर तीन एफआईआर दर्ज की हैं। दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज किया है जबकि पुलिस ने एक पक्ष पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
दरअसल मामला शहर के हजीरा चंदन नगर स्थत नई बस्ती का है। यहां अजीत सिंह भदौरिया और पड़ोसी विपिन तोमर में शनिवार देर रात थूकने को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हुई मामला बढ़ता देख पुलिस को बुलाया गया। हजीरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाने के बाहर दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा शुरू हो गया। दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए पुलिस ने अजीत और विपिन दोनों पर हल्के बल का प्रयोग किया। इस दौरान अजीत को चोटें आ गईं। पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस मारपीट का मामला दर्ज कर, अजीत सिंह को पास के हजीरा सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया।