भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह और जयभान सिंह पवैया
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के दौरे पर ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान शाह ने कहा कि हम 370 धारा हटा चुके हैं, अब 370 सीट जीतकर मजबूत सरकार बनानी है। ग्वालियर में हुई लोकसभा क्लस्टर की बैठक में शामिल हुए क्लस्टर प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए गृहमंत्री ने PM मोदी के संदेश को दोहराया। उन्होंने कहा कि हमें हर बूथ तो जीतना ही है। साथ ही हर बूथ को 370 ज्यादा वोटों से जीतना है।
भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह ने कहा कि इसके साथ ही बैठक में अमित शाह ने नेता और पदाधिकारियों से कहा कि अब की बार हर बूथ पर कांग्रेस को मुक्त करना है। हर बूथ ज्यादा से ज्यादा संख्या में बीजेपी का वोट परसेंट बढ़ाना है, यही अबकी बार लक्ष्य है।
क्लस्टर प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि अमित शाह खुद एक जीत का मंत्र हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा है। उन्होंने कहा कि जो सीटें विधानसभा में हमने जीती हैं, उन पर फिर मेहनत करनी है और जो सीटें हम हारे थे, उन पर अधिक फोकस करना है। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता उत्साहित है। अमित शाह लगातार दौरे हैं, वे एक दिन में तीन क्लस्टर कवर करेंगे। देश को 146 क्लस्टर में बांटा गया है, जहां वह लगातार दौरे करेंगे और भाजपा को प्रचंड जीत दिलाएंगे।
वहीं, पूर्व मंत्री और महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि यह वही जगह है जहां विधानसभा 2023 के चुनाव में जिस तरह अमित शाह के मोटिवेशन के बाद कांग्रेस का प्रदेश में सूपड़ा-साफ हो गया था, वैसे ही अब 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस शून्य पर सिमट जाएगी।