महिला प्रोफेसर को एसिड अटैक की धमकी देने का मामला सामने आया है।
- फोटो : अमर उजाला
ग्वालियर एकतरफा प्यार में पागल एक स्टूडेंट ने अपनी महिला प्रोफेसर को एसिड अटैक से बदसूरत कर देने की धमकी दी है। यह छात्र अपनी महिला शिक्षिका से अनैतिक संबंध बनाना चाहता है और विरोध जताने पर इस तरह की धमकी दे रहा है।
इस मामले में घबराई प्रोफेसर ने घटना की शिकायत मुरार थाने में की है। मुरार पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ धमकी देने और यौन उत्पीड़न की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला प्रोफेसर के साथ स्टूडेंट दुष्यंत सागर कई दिनों से बदसलूकी कर रहा था। आरोपी छात्र शिवपुरी जिले का रहने वाला है। महिला प्रोफेसर और आरोपी छात्र एक ही महाविद्यालय के हैं, इसलिए महिला प्रोफेसर और स्टूडेंट दुष्यंत सागर एक दूसरे को बखूबी जानते हैं।
ये भी पढ़ें-
'लव जिहाद' के आरोप में बुरे फंसे, कांग्रेस पार्षद कादरी का पद जाएगा, BJP बैठक में प्रस्ताव पारित
हाल ही में आरोपी दुष्यंत सागर ने महिला प्रोफेसर का पड़ाव इलाके में पीछा किया और उनसे अवैध संबंध बनाने के लिए दवाब बनाया। महिला प्रोफेसर ने जैसे तैसे महिला थाने में छिपकर आरोपी स्टूडेंट से खुद को बचाया और मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने महिला प्रोफेसर की शिकायत के बाद आरोपी स्टूडेंट दुष्यंत सागर को गिरफ्तार कर लिया है।
मुरार क्षेत्र की निवासी 39 वर्षीय महिला प्रोफेसर अपने पिता और भाई के साथ रहती हैं। वह शहर के एक लॉ कॉलेज में पढ़ाती हैं। उनके कॉलेज में शिवपुरी निवासी दुष्यंत सागर पढ़ता था। एक साल से प्रोफेसर उसके संपर्क में थीं। पढ़ाई को लेकर दोनों के बीच फोन और मैसेज पर बातचीत होती थी। इसी दौरान छात्र ने प्रोफेसर से 35 हजार रुपए उधार लिए थे। जब प्रोफेसर ने पैसे लौटाने को कहा तो दुष्यंत ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि दुष्यंत सागर पहले उसी कॉलेज में पढ़ता था। प्रोफेसर के संपर्क में आया। फिर धमकी देकर रिश्ते बनाने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।