शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मंगलवार सुबह एक और घायल की मौत हो गई। 78 वर्षीय मोतीराम प्रजापति ने लिंक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। मोतीराम मंदिर परिसर के गेट के पास प्रसाद की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे बेकाबू ट्रक श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ मंदिर परिसर में घुस गया था। हादसे में मोतीराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल लिंक हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था।
चोट के कारण बना खून का थक्का
डॉक्टरों के मुताबिक हादसे में लगी चोट के कारण मोतीराम की खून की नली में थक्का जम गया था। इसे सुपरफिशियल फीमोरल थ्रोम्बोसिस बताया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी, लेकिन मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मोतीराम को वर्ष 2024 में हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उनके दिल में स्टेंट डाला गया था। सोमवार शाम CMHO ने अस्पताल पहुंचकर मोतीराम और उनके परिजनों से मुलाकात की थी।
57 लोग आए थे चपेट में
इस हादसे में कुल 57 श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आए थे। मोतीराम की मौत से पहले 15 लोगों की जान जा चुकी थी। अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: धार: पुलिस जवान को गोली मारी! दूधी बायपास पर कुंदा फाटे के पास घायल मिला जवान, हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर
दो गंभीर घायलों को भोपाल भेजा
हादसे में गंभीर रूप से घायल संजय शर्मा और 19 वर्षीय कल्पना परिहार को बेहतर इलाज के लिए भोपाल AIIMS भेजा गया है। संजय को सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:10 बजे एयर एम्बुलेंस से भोपाल शिफ्ट किया गया। वहीं कल्पना को मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे एयर एम्बुलेंस से भेजा गया।
संजय ने भाई और मासूम भतीजे को खोया
श्योपुर निवासी संजय शर्मा शनिवार को परिवार के साथ बैराड़ में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद वे सहसराम गांव में अपने भाइयों से मिलने पहुंचे। वहां से बड़े भाई महेश को साथ लेकर ग्वालियर आए थे। उस रात संजय अपनी पत्नी छाया, दोनों बेटों और भाई महेश के साथ शीतला माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। करीब 1:30 बजे हुए हादसे में महेश और मासूम शौर्य की मौत हो गई, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार शाम घायलों के इलाज की जानकारी ली और अधिकारियों को उपचार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।