गुना में चोरी के आरोप में युवक को हाथ बांधकर पीटा गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के गुना जिले में एक युवक को चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने जमकर पीटा। हाथ बांधकर घंटों तक उससे पूछताछ की गई। इस दौरान कई बार मारते रहे। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इसे कुएं से मोटर चुराते समय रंगेहाथ पकड़ा गया था। इसके साथ और भी लोग थे, इसने उनके नाम बताए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मामला गुना जिले के रुठियाई चौकी अंतर्गत बेरखेड़ी गांव का है। बताया गया कि शनिवार रात को कुछ लोग गांव के एक कुएं से मोटर चोरी कर रहे थे। तभी ग्रामीणों की नजर पड़ गई। उन्होंने शोर मचाया तो चोर मौके से भागने लगे। इसी दौरान एक युवक ग्रामीणों के हत्थ चढ़ गया। लोगों ने उसके हाथ बांध दिए और जमकर पीटा। साथियों के नाम और पहले की गई चोरियों के बारे में पूछताछ करते हुए वीडियो बना लिया। बाद में पुलिस को सौंप दिया।
पकड़े गए युवक खोड़ा पांज गांव का रहने वाला बताया गया है। लोगों ने बताया कि गांव में लगातार मोटर चोरी के केस सामने आ रहे थे, इसलिए ग्रामीण सचेत थे। जब ये लोग चोरी करने पहुंचे तो ग्रामीणों ने एक को पकड़ लिया, बाकि के लोग भाग गए। थाना प्रभारी का कहना है इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।