मध्यप्रदेश के गुना जिले में शुक्रवार को हुए एक हादसे में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यहां शुक्रवार की सुबह एक मिनी बस एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई जिसमें जलने से बस में सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई। वहीं, चार लोगों के झुलसने की खबर है। पुलिस ने बताया कि हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर बरखेड़ा इलाके में हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे को लेकर संवेदना व्यक्त की है।
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार उपमंडल पुलिस अधिकारी मुनीष राजौरिया ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों में एक 12 वर्षीय बच्चा भी है जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बस में 28 यात्री थे और यह इंदौर से मथुरा जा रही थी। सुबह पांच से छह बजे के बीच छछोदा तहलीस में आने वाले बरखेड़ा में बस सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई। इसके बाद बस में आग लग गई।
आस-पास मौजूद लोगों ने अधिकांश यात्रियों को तो जलती बस से बाहर निकाल लिया। लेकिन, इंदौर के रहने वाले बुत दुर्गा (13) व माधो (20) और खरगोन के रहने वाले रोहित बस में फंसे रह गए और तीनों की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री चौहान ने मृतकों के प्रति संवेदना जताते हुए घायल हुए लोगों का इलाज करने के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
गुना कलेक्टर फ्रैंक नोबेल ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 हजार रुपये की वित्तीय मदद तत्काल उपलब्ध करवाई है।