गुजरात विधानसभा चुनाव में गुरुवार को दूसरे चरण का मतदान जारी है। दूसरे और आखिरी चरण के लिए हो रही वोटिंग में उत्तर और मध्य गुजरात की 93 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी, आडवाणी और भाजपा के बड़े नेताओं समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भी वोट डाला। लेकिन साल 2014 के आम चुनावों में गुजरात में वोटिंग के दिन सुर्खियों में रहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जसोदाबेन इस बार चर्चा से गायब हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जसोदाबेन बुधवार को उज्जैन में थीं और उन्होंने महाकाल मंदिर में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की पूजा की। यहां उन्होंने एक स्थानीय कार्यक्रम में भी भाग लिया।
एस स्थानीय अखबार से बातचीत के दौरान जसोदाबेन ने कहा कि, 'महाकाल से प्रार्थना है कि भाजपा को गुजरात चुनाव में पिछली बार से अधिक सीटें मिलें और प्रधानमंत्री मोदी की मेहनत सफल हो।' अखबार से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात विधानसभा के चुनाव जरूर जीतेगी।
कुछ दिनों पहले पूर्व मंत्री मणिशंकर अय्यर के प्रधानमंत्री मोदी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के बारे में सवाल पर जसोदाबेन ने कहा कि, 'यह भारतीय संस्कृति नहीं है। इस तरह की टिप्पणी से हमारी संस्कृति को ठेस पहुंचती है।'
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी और जशोदाबेन पिछले 46 सालों से अलग रह रहे हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में जशोदाबेन ने ज्योतिष द्वारा बताए गए विजय मुहूर्त 12 बजकर 39 मिनट पर मेहसाणा जिले के ऊंझा में वोट डाला था। उस चुनाव में ऊंझा सीट से भाजपा के नारायणभाई पटेल चुनाव जीते थे। आज भी ऊंझा में मतदान हो रहा है लेकिन जशोदाबेन ने वोट डाला या नहीं इसकी चर्चा कहीं नहीं है।