फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्यप्रदेश : पूर्व सीएम अर्जुन सिंह के बेटे ने की अपनी मां से भावनात्मक अपील

Thu, 21 Jun 2018 12:14 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, भोपाल
विज्ञापन
अजय सिंह
विज्ञापन
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता रहे अर्जुन सिंह के परिवार की कलह अब सियासी शक्ल ले रही है। अपनी मां सरोज सिंह के आरोपों के जवाब में बुधवार को उनके बेटे अजय सिंह राहुल ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि घरेलू विवाद को चौराहे पर घसीटना दुखद है, मेरी मां। उन्होंने कहा कि यह उनके खिलाफ भाजपा सरकार की साजिश है। जब भी मैं शिवराज सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आता हूं, ऐसी साजिश की जाती है।
विज्ञापन


वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पार्टी पूरी तरह से अजय सिंह के साथ है। कुछ लोग निजी और पारिवारिक मुद्दों पर भी राजनीतिक रोटियां सेंकने की जुगत में लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस कदर नीचे गिर जाएगी, इसकी कल्पना मैंने कभी नहीं की थी। 

इसके उत्तर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अजय सिंह सरकार पर आरोप न लगाएं। मां तो मां होती है। बेहतर होगा कि मां को घर लाकर उनका इलाज कराएं। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात से हैरानी होती है कि वह अपनी मां को घर लाने, उन्हें उचित सम्मान देने और उनका बेहतर इलाज कराने के बजाए सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। यह एक घटिया और ओछी हरकत है। 
विज्ञापन


गौरतलब है कि मंगलवार को अर्जुन सिंह की पत्नी सरोज सिंह ने भोपाल की जिला अदालत में एक परिवाद दायर किया था। उन्होंने अपने दोनों बेटों अजय और अभिमन्यु सिंह पर अपने साथ घरेलू हिंसा व घर से बेदखल करने के आरोप लगाए थे। अपनी सफाई में अजय सिंह ने कहा कि पूरे तमाशे का इरादा राजनीतिक है। मेरी मां निश्चित ही वृद्ध हैं पर लावारिस नहीं, क्योंकि उनके दो बेटे हैं। 

बिना नाम लिए बहन को बताया कारण

अजय सिंह ने कहा, पिता के स्वर्गवास के बाद मैं कई साल तक माता जी को भोपाल लाने का प्रयास करता रहा। लेकिन माता जी हमारी बहन वीना सिंह के बिना कहीं रहना नहीं चाहतीं। राजनीतिक कारणों से वीना से हमारे रिश्ते कई वर्षों से सामान्य नहीं है। बावजूद इसके मैं अपनी मां से मिलने की कोशिश करता रहा हूं, पर उन्होंने बात करना उचित नहीं समझा। अजय सिंह ने बहन का नाम लिए बिना कहा, मां से प्रार्थना करना चाहूंगा कि वह अपने आपको उन लोगों से स्वतंत्र कर लें, जिन्होंने उन्हें भावनात्मक रूप से अपने वश में कर रखा है। बेहतर होगा कि कोर्ट या सार्वजनिक रूप से चर्चा करने के बजाए मां और बेटा साथ बैठें व समस्या का समाधान करें।

बहन से सामान्य नहीं रिश्ते

बता दें कि अर्जुन सिंह के जीवित रहते भी उनके दोनों बेटों व बेटी वीना सिंह के बीच आपसी रिश्ते सामान्य नहीं रहे हैं। 2009 में एक वक्त ऐसा भी आया था, जब वीना ने कांग्रेस के टिकट पर सीधी से लोकसभा चुनाव लड़ने की कोशिश की थी। लेकिन जब उन्हें टिकट में कामयाबी नहीं मिली तो उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था और अर्जुन सिंह ने अपने कांग्रेसी दिल पर पत्थर रखकर बेटी के लिए वोट मांगे थे। अर्जुन सिंह के छोटे बेटे अजय अपने पिता की राजनीतिक विरासत संभालते हैं और मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष हैं। इसी नाते बुधवार को उन्होंने विधानसभा सचिवालय में राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की सूचना दी। विधानसभा का मानसून सत्र 25 जून से प्रारंभ हो रहा है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें