पीयूष गोयल ने बताया कि भोपाल से फ्लेवर्ड आइस्ड टी प्रीमिक्स की पहली खेप स्विट्जरलैंड भेजी गई है। इसे भारतीय एमएसएमई और मध्य प्रदेश के फूड प्रोसेसिंग सेक्टर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं, पिछले एक दशक में भारत के चाय निर्यात में 93 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
चाय निर्यात को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है। इस मामले पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को बताया कि भोपाल से फ्लेवर्ड आइस्ड टी प्रीमिक्स की पहली खेप स्विट्जरलैंड भेजी गई है। उन्होंने इसे भारतीय एमएसएमई सेक्टर की गुणवत्ता और स्वाद के वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बनने का प्रमाण बताया।
विज्ञापन
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के फूड प्रोसेसिंग सेक्टर की यह नई उपलब्धि है, जिसे एपीडा के सहयोग से हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे नवाचार, वैल्यू एडिशन और निर्यात आधारित विकास को नई दिशा मिलेगी।
'चाय निर्यात में 93 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि'
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस के अवसर पर मंत्री ने बताया कि पिछले एक दशक में भारत के चाय निर्यात में 93 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2013-14 में 4,509 करोड़ रुपये का चाय निर्यात बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 8,719 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि भारत में चाय केवल एक पेय नहीं, बल्कि भावनाओं, परंपराओं और रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। दार्जिलिंग की पहाड़ियों से लेकर असम की वादियों और नीलगिरि के बागानों तक, हर क्षेत्र की चाय का अपना अलग स्वाद, सुगंध और पहचान है।
पीयूष गोयल ने कहा कि बेहतर गुणवत्ता मानकों और टी बोर्ड ऑफ इंडिया के प्रयासों के चलते भारतीय चाय ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।