इक्वीनॉक्स 2022 की पहली खगोलीय घटना आज।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को देशभर में पूर्व से उदय हुआ सूर्य पश्चिम दिशा में अस्त होगा। आज आप सूर्य को ठीक पश्चिम दिशा में डूबते हुए देख सकते हैं। ये कहना है मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम की विज्ञान प्रसारक सारिका घारू का। सारिका के अनुसार इक्वीनॉक्स 2022 की पहली खगोलीय घटना आज घटित होगी। हालांकि आज दिन-रात बराबर नहीं होंगे।
सूर्य के ठीक पूर्व दिशा से निकलने और ठीक पश्चिम दिशा में अस्त होने के पीछे का कारण है कि 20 मार्च को पृथ्वी अपने अक्ष पर साढ़े तेईस डिग्री झुके रहकर सूर्य की परिक्रमा कर रही है, जिसके चलते सूर्य की किरणें पृथ्वी की भूमध्य रेखा के ठीक लम्बवत् हैं। यहीं वजह है कि 20 मार्च 2022 के लिए आज इक्वीनॉक्स की प्रथम खगोलीय घटना घटित हो रही है।
नेशनल अवार्ड से सम्मानित विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि आमतौर पर सूरज के उगने की दिशा का एक ही उत्तर दिया जाता है कि वह पूर्व से उदित होता है और पश्चिम में अस्त होता है, लेकिन यह आम कथन साल में सिर्फ दो ही दिन के लिए पूरी तरह सटीक होता है। उनमें से साल का पहला दिन आज है। यह घटना आमतौर पर 20 या 21 मार्च को होती है। इसके बाद 23 सितम्बर को यह घटना होगी।
सारिका ने आगे बताया कि कुछ भ्रांतियां यह हैं कि आज दिन और रात बराबर होते हैं, जबकि दिन और रात बराबर होने की घटना इक्वीनॉक्स के कुछ दिन पहले या बाद में होती है, जिसे इक्वीलक्स (equilux) कहा जाता है और यह उस स्थान के अक्षांश के अनुसार बदलती है। मध्य प्रदेश के उज्जैन/भोपाल/नमर्दापुरम में इस साल दिन और रात 15 मार्च को बराबर थे। आज 20 मार्च 2022 को दिन की अवधि 12 घंटे 6 मिनिट रहेगी।