बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मुख्य शाखा में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के खंडवा नगर में गुरुवार तड़के बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मुख्य शाखा में भीषण आग लग गई। स्थानीय रहवासियों की सूचना पर तीन थानों के गश्ती दल और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में बैंक में रखे कंप्यूटर और दस्तावेज समेत अन्य सामान जल गया।
जानकारी के अनुसार खंडवा नगर के तीन पुलिया क्षेत्र के समीप स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मुख्य शाखा में गुरुवार तड़के आग लग गई। गनीमत रही कि रमजान महीने के चलते आसपास के लोग सुबह सहरी करने के लिए उठे हुए थे, उन्होंने बैंक से धुआं निकलता देखा तो तुरंत डायल 100 को इसकी सूचना दी। जिसके बाद तीन थानों के गश्ती दल खंडवा यातायात थाना प्रभारी सौरभ सिंह कुशवाह भी अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बैंक मैनेजर को बुलवाकर ताला खुलवाया गया और आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। बैंक से लगातार धुआं उठते रहने के कारण फायरकर्मियों को भी आग पर काबू पाने में मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। आग में बैंक का फर्नीचर, दस्तावेज समेत अन्य सामान जल गया।
बैंक का ताला खोल कर देखा तो अंदर आग थी
खंडवा यातायात थाना प्रभारी सौरभ सिंह कुशवाह ने बताया कि वे नाइट गस्त की ड्यूटी कर रहे थे, इसी बीच स्थानीय रहवासियों ने खबर दी कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र से धुंआ निकल रहा है। हमने तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर देखा और बैंक मैनेजर को बुलाया। हमारी टीम और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।