राजगढ़ में नर्सिग छात्राओं ने चक्काजाम किया।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रभार वाले राजगढ़ जिले में कॉलेज माफिया की मनमानी का मामला सामने आया है। नर्सिंग की छात्राओं से अवैध वसूली की गई। उन्हें एडमिट कार्ड देने के बहाने बंधक बनाया गया। इसकी जानकारी जब छात्र संगठनों को लगी तो उन्होंने कॉलेज के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया। छात्र-छात्राओ की शिकायत पर कॉलेज संचालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में ब्यावरा देहात थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
दरअसल, मामला राजगढ़ जिले के सबसे बड़े शहर ब्यावरा में स्थित क्राइस्ट कॉलेज का है। फर्स्ट ईयर की लगभग 100 छात्राओं से एडमिशन फीस वसूली गई। 18 मई की परीक्षा में शामिल होने के लिए उन्हें 17 मई को एडमिट कार्ड देने कॉलेज बुलाया गया। प्रबंधन ने 100 छात्राओं से एडमिशन के नाम पर फीस वसूली। कॉलेज में 60 छात्राओं के ही एडमिशन हो सके। उन्हें ही एडमिट कार्ड मिला। शेष छात्राओं के न तो एडमिशन हुए और न उन्हें एडमिट कार्ड मिले। उन्हें अगले सत्र के लिए बुक रखने और उन्हें राजी करने के लिए लगभग तीन घंटे कॉलेज परिसर में ही बंधक बनाकर रखा गया। जैसे-तैसे छात्राएं दीवार फांदकर कॉलेज से बाहर निकली।
मामले की जानकारी लगते ही छात्र संगठनों के कार्यकर्ता कॉलेज के बाहर जमा हो गए। उन्होंने कॉलेज के बाहर धरना देते हुए चक्काजाम कर दिया। तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद एसडीओपी नेहा गौर ने छात्र संगठनों को छात्राओं के हित में संचालक और प्रबंधन के विरुद्ध उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने धरना खत्म किया। देर रात छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं और एडमिशन से वंचित छात्राओं ने ब्यावरा देहात थाने में क्राइस्ट कॉलेज संचालक सुशील कुमार के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। दो अलग-अलग प्रकरण में धारा 342 व 420 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। देहात थाना प्रभारी रामकुमार रघुवंशी ने बताया कि छात्राओ की शिकायत पर आरोपी क्राइस्ट कॉलेज संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।