फेल होने के डर से छात्रा ने पी लिया डेटॉल।
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर में एक स्कूली छात्रा ने परीक्षा में फेल होने के डर के चलते डेटॉल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। बच्ची 11 वीं कक्षा की छात्रा है, उसके किसी दोस्त ने फोन कर अंग्रेजी विषय में कई लोगों को फेल होने की जानकारी दी, जिसके बाद छात्रा ने ये कदम उठाया। परिजनों ने बच्ची को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामला छतरपुर शहर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के देरी रोड इलाके का है। छात्रा सुहानी वर्मा कटनी में अपने माता पिता के साथ रहती है। स्कूल की छुट्टियां होने के चलते वह छतरपुर में अपने दादा-दादी के यहां आई थी। छात्रा के किसी दोस्त ने उसे फोन पर रिजल्ट आने की जानकारी देते हुए बताया कि इस साल बहुत सारे बच्चे अंग्रेजी विषय में फेल हो गए हैं। यह सुनकर सुहानी घबरा गई क्योंकि उसका भी अंग्रेजी विषय का पेपर बिगड़ गया था। छात्रा ने फेल होने के डर से तनाव और घबराहट में डेटॉल पी लिया।
सुहानी ने बताया कि वह हर साल परीक्षा में 80 से ज्यादा नंबर लाती है। सुहानी ने अपने गलत कदम पर अफसोस जताते हुए दोबारा ऐसा न करने की बात कही। फिलहाल जिला अस्पताल में सुहानी का इलाज जारी है।