बच्चों की CM शिवराज से भावुक अपील
- फोटो : अमर उजाला
दतिया जिला मुख्यालय के इंदरगढ़ कस्बे में निवासरत छोटे बच्चों ने सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से एक भावुक अपील की है। यह भावुक अपील किसी वस्तु के लिए नहीं, बल्कि आशियाने के लिए की गई है। क्योंकि इंदरगढ़ में लोहपीटा जाति के बच्चों ने यह अपील करते हुए शिवराज सिंह चौहान से घर दिए जाने की मांग की है। क्योंकि इस बारिश के मौसम में उनकी झोपड़ी अक्सर पानी में डूब जाती है और वह बीमार होने के साथ-साथ उन्हें जहरीले जानवरों से खतरा बना रहता है, जिससे उनकी स्थिति बेहद दयनीय हैं और खराब है।
दरअसल, कुछ रोज पहले प्री मानसून और विपरजॉय के असर से इंदरगढ़ कस्बे में हुई भीषण बारिश से उनकी झोपड़ी पानी में डूब गई थी और वह काफी परेशान हो गए थे, जिससे परेशान होकर लोहपीटा जाति के बच्चों ने शिवराज सिंह चौहान से घर की मांग कर डाली। मांग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेज से वायरल हुआ और मुख्यमंत्री एवं दतिया जिले के प्रभारी मंत्री तक जा पहुंचा।
वीडियो वायरल होने के बाद दतिया पहुंचे जिला के प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ घर दिलाने की मांग करने बाली बच्ची से इंदरगढ़ कस्बे में उसकी झोपड़ी में मिले। बच्चियों से मुलाकात कर अधिकारियों को पक्का आवास दिलाने जाने के निर्देश प्रभारी मंत्री ने दिए हैं। दरअसल, इंदरगढ़ में भारी बारिश में झोपड़ी में पानी भर जाने के कारण दुखी मन से एक वीडियो वायरल बच्चियों ने किया था, जिसे देख कर प्रभारी मंत्री ने बच्चियों की समस्या को देखते हुए उनसे मिलने की बात कही थी।
अपने वादे के अनुसार, इंदरगढ़ के वार्ड क्रमांक पांच में झोपड़ी बनाकर रह रहे लोहपीटा परिवार की बच्चियों के बीच पहुंचे और नन्दनी से मुलाकात की। माला पहनाकर बच्ची का स्वागत किया। बच्ची से मुलाकात कर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को नौ दिन के अंदर लोहपीटा बच्चियों को पक्के घर की कार्रवाई कर आवास दिए जाने का निर्देश दिया है। इससे खुश होकर बच्चियों और परिजनों ने आभार प्रकट किया है। इससे पहले प्रभारी मंत्री दतिया पहुंचकर पीताम्बरा मंदिर में पूजा अर्चना किए और वनखण्डेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।