हम सभी जानते हैं कि बाघ के सामने कुत्ते की क्या औकात है, लेकिन जब वक्त खराब हो तो ऊंट पर बैठे आदमी को भी कुत्ता काट लेता है। यह बाघ ऊंट पर तो नहीं बैठा था, लेकिन इसका वक्त जरूर खराब था।
मध्य प्रदेश के पन्ना नेशनल पार्क में कुत्ते के हमले के बाद बाघ को सागर के अस्पताल पहुंचाया गया है।
पार्क परिक्षेत्र में एक बाघ शिकार की तलाश में बैठा था। इसी समय उसके सामने एक कुत्ता आ गया। शिकार करने बैठा बाघ कुछ कर पाता इससे पहले कुत्ते ने ही हमला दिया। हमलावर कुत्ते ने बाघ के शरीर पर कई जगह काटा और भाग गया।
जानकारी के मुताबिक ऐसा अंदेशा है कि कुत्ता पागल था इसलिए रेबीज की आशंका के चलते बाघ को सागर के पशु चिकित्सालय में भेजा गया है।
पन्ना नेशनल पार्क में एक पागल कुत्ते के बाघ को काटने की खबर ने वन विभाग के अफसरों को परेशान कर दिया है। बताया जा रहा है कि ये कुत्ते खाने की तलाश में जंगल आते रहे हैं और चीतल जैसे जानवरों को अपना शिकार बनाते रहे हैं। लेकिन अब ये कुत्ते इतने पागल हो गए हैं कि बाघ जैसे खूंखार जानवरों का शिकार करने से नहीं डर रहे हैं।
वनकर्मियों को बाघ घायल अवस्था में मिला। जब अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली, तो वे डॉक्टर सहित पहुंचे। बाघ को घेरकर जब बारीकी से परीक्षण कर देखा गया तो घाव कुत्ते के निकले।
वनकर्मियों ने पता लगाया तो खुलासा हुआ कि शायद कुत्ता पागल था और बाघ को रैबीज हो गया है। जिसके कारण उसे आगे के इलाज के लिए सागर भेजा गया है।
ग्रामीणों ने मार डाला कुत्ते को
वन विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक पागल कुत्ता था, जो कि कई लोगों को अपना शिकार बना चुका था, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे मौत के घाट उतार दिया।