फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dindori News: निर्माणाधीन मंदिर की पानी टंकी में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी

Sun, 08 Feb 2026 07:55 PM IST
डिंडोरी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, डिंडोरी

सार

डिंडौरी के जोगी टिकरिया गांव में निर्माणाधीन बाल हनुमान मंदिर की पानी टंकी में अज्ञात महिला का शव मिला। पुजारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर पहचान और मौत के कारणों की जांच जारी है। 
विज्ञापन
निर्माणाधीन मंदिर की पानी टंकी में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

डिंडौरी जिले के जोगी टिकरिया गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन बाल हनुमान मंदिर परिसर की पानी की टंकी में एक महिला का शव मिला। यह मंदिर जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे के पास स्थित है, जहां सुबह के समय यह घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
विज्ञापन


मंदिर के पुजारी पवन दास त्यागी ने बताया कि रविवार को सुबह वे रोज़ की तरह पानी लेने टंकी के पास पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने टंकी के अंदर झांका, महिला का शव दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर वे घबरा गए और तुरंत गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और फिर पुलिस को सूचना दी गई।

बताया गया है कि बाल हनुमान मंदिर का निर्माण कार्य जन सहयोग से किया जा रहा है। पिछले तीन से चार दिनों से निर्माण कार्य बंद था और परिसर में किसी की आवाजाही नहीं हो रही थी। ऐसे में टंकी के भीतर महिला का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महिला को इससे पहले गांव या आसपास के इलाके में कभी नहीं देखा गया।
विज्ञापन


पढ़ें:  जिस घर में मां करती थी झाड़ू-पोछा, उसी घर में बेटे ने दिनदहाड़े डाला डाका; बंधक बनाकर डेढ़ लाख लूटे

सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र और पहचान को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस के अनुसार शव की स्थिति को देखते हुए यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का या फिर किसी अन्य कारण से मौत हुई है।

सब-इंस्पेक्टर निरंजन सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों और क्षेत्रों में उसका हुलिया भेजा जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह मंदिर परिसर तक कैसे पहुंची और पानी की टंकी में शव मिलने के पीछे क्या कारण हो सकता है।
विज्ञापन


फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके। इस घटना के बाद से जोगी टिकरिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें