कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि इंदौर में अगले महीने होने वाले आईपीएल मैचों की टिकटों की बिक्री पर लगने वाले मनोरंजन कर से छूट दी जाए।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश सरकार को आईपीएल मैचों को मनोरंजन कर से मुक्त करने में आखिर क्या दिक्कत आ रही है। मुझे किसी ने बताया कि मुख्यमंत्री को आईपीएल की चीयर लीडर्स से ऐतराज है। अगर ऐसा है तो इस पर मेरा सुझाव है कि इंदौर में आईपीएल मैचों के दौरान चौके-छक्के पडने पर या किसी के आउट होने पर चीयर लीडर्स को नचवाने की बजाए रामधुन बजवा देनी चाहिए लेकिन क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को ध्यान में रखकर इन मैचों को मनोरंजन कर से छूट देनी चाहिए।
गौरतलब है कि आईपीएल-10 पांच अप्रैल से शुरु हो रहा है। जिसके तीन मैच इंदौर में खेले जाएंगे। इंदौर के होलकर स्टेडियम को किंग्स इलेवन पंजाब का घरेलू मैदान तैयार किया गया है। यहां पर 8,10 और 20 अप्रैल को आईपीएल मैच खेले जाएंगे।