दिग्विजय सिंह के बेतुके बयान पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी है।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर पलटवार किया है। दिग्विजय सिंह ने प्रियंका गांधी के हवाले से कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसकों में 40 से 50 साल की महिलाएं ही हैं, जींस पहनने वाली नहीं। इस पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के 'बुजुर्गवार' नेता पहले भी महिलाओं के बारे में आइटम और टंच माल जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। प्रियंका गांधी को महिलाओं के पहनावे पर नजर रखने वाले नेता की सोच को लेकर स्थिति स्पष्ट करना चाहिए।
डॉ. मिश्रा से दिग्विजय सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी। इस पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह जी ने यह बात प्रियंका गांधी के हवाले से कही है। मैं उनसे ही सवाल करना चाहता हूं कि इन बुजुर्गवार की महिलाओं के पहनावे पर नजर है। कभी महिलाओं को टंच माल कहते हैं। कभी महिलाओं को आइटम कहते हैं। प्रियंका जी, आपकी सोच है- मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं। अब इस सोच से इन बुजुर्गवार नेता की सोच कितना मेल खाती हैं, इस पर स्थिति स्पष्ट करें।