औद्योगिक नगरी पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। कालका माता मंदिर के पास स्थित छोटे तालाब में बच्चा कमल के फूल तोड़ने के लिए उतरा था। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वह डूब गया। मृतक कक्षा छठवीं का विद्यार्थी था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
कमल के फूल तोड़ने तालाब में उतरा बच्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चा बुधवार सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। इसके बजाय वह अपने एक साथी के साथ घूमते हुए तालाब के पास पहुंच गया। पानी में खिले कमल के फूल देखकर वह उन्हें तोड़ने की जिद करने लगा और तालाब में उतर गया। गहरे पानी में जाने के बाद वह डूबने लगा।
ये भी पढ़ें-
उमराह भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, बिज़नेस पार्टनर बनाने के नाम पर डॉक्टर को भी ठगा; आरोपी गिरफ्तार
गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला शव
बच्चे को डूबता देख उसके साथी ने शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय रहवासियों तथा नगर पालिका की गोताखोरी टीम की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव तालाब से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बिहार का रहने वाला है परिवार
मृतक का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पीथमपुर में किराए के मकान में रहता है। बच्चे के पिता एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।