जिले के धरमपुरी नगर के मक्का मोहल्ले में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को धरमपुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कुल 2 लाख रुपए कीमत का माल जब्त किया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार मक्का मोहल्ला निवासी सोहेल पिता मकबूल खान ने 8 अक्टूबर को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ पिता का इलाज कराने इंदौर गया था। रात करीब 11 बजे घर लौटने पर उसे खिड़की टूटी मिली। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी गायब थे। अज्ञात बदमाश खिड़की तोड़कर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें: एमपी में शराब घोटाले पर कांग्रेस का हमला: 2.75 करोड़ की एफडीआर और रिश्वत को लेकर सियासी घमासान,निशाने पर सरकार
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं मनावर के प्रभारी एसडीओपी प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन तथा धरमपुरी थाना प्रभारी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और 90 हजार रुपए नकद बरामद किए। जब्त माल की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में ताहिर उर्फ लालू (23),आवेश उर्फ राजा (20) और फैजान उर्फ फैजु (22) शामिल हैं।