मध्यप्रदेश के सागर जिले के रहने वाले दलित युवक धन प्रसाद अहिरवार की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। युवक का सागर में अपने पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसके बाद उन्होंने उसपर आग लगा दी। एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना ने मध्यप्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि सरकार दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
युवक को सागर जिले की अयोध्या बस्ती में जिंदा जलाने का प्रयास किया गया था। राज्य सरकार ने 21 जनवरी को एयर एंबुलेंस के जरिए युवक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था।
घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा, 'सागर निवासी युवक धनप्रसाद अहिरवार की दिल्ली में इलाज के दौरान दुःखद मृत्यु का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। दुःख की इस घड़ी में परिवार के साथ सरकार खड़ी है। परिवार की हर संभव मदद के निर्देश।'
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने अहिरवार के परिवार के साथ मारपीट करते हुए उसे घेर लिया और उसपर आग लगा दी। घटना के संबंध में सागर की मोतीनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों छुट्टू, अज्जू, कल्लू और इरफान के खिलाफ धारा 294, 323, 452, 307, 34 और एससीएसटी एक्ट में मामला दर्ज किया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है था कि आरोपी उनपर राजीनामा के लिए दबाव बना रहे हैं। घटना सामने आने के बाद भाजपा ने कमलनाथ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।