गृहस्थ योगी संत श्री देवप्रभाकर शास्त्री (दद्दा जी) का रविवार को निधन हो गया। इस खबर से कटनी और जबलपुर क्षेत्र में रहने वाले लोगों में शोक फैल गया है। 'दद्दा जी' का रात करीब सवा आठ बजे देहावसान हो गया। उनके निधन पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम कमलनाथ ने शोक प्रकट किया है।
इससे पहले 'दद्दा जी' को विशेष विमान से शनिवार को शाम 6 बजे नई दिल्ली से उमरिया के रास्ते कटनी लाया गया। दद्दा जी को मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री संजय पाठक अपने विशेष विमान से लेकर यहां आए। दद्दा जी की तबीयत काफी खराब हो चुकी थी, जिसके बाद शनिवार को दिल्ली के डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए जवाब दे दिया था।
बता दें कि दद्दा जी, लीवर और किडनी की बीमारी से परेशान थे। इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जताया शोक
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 'दद्दा जी' के निधन पर अपने ट्विटर पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "मध्यप्रदेश के महान संत, आध्यात्मिक गुरु, लाखों लोगों के जीवन को दिशा देने वाले, ऐसे महात्मा जिनका सम्पूर्ण जीवन पीड़ित मानवता की सेवा में समर्पित था, जिन्होंने अपनी आध्यात्मिक शक्ति और आशीर्वाद से लोगों की ज़िंदगी बदल दी, ऐसे पूजनीय दद्दाजी के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"
पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी जताया शोक
पूर्व सीएम कमलनाथ ने 'दद्दा जी' के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा, "गृहस्थ योगी संत देवप्रभाकर शास्त्री दद्दा जी के दुःखद निधन का समाचार मिला। शिवलिंग निर्माण की बात हो या मानव सेवा और परोपकार की, दद्दा जी ने सदैव समाज और धर्म के लिये जीवनपर्यन्त अपना अमूल्य योगदान दिया।"
उनका निधन एक ऐसी क्षति है जो सदैव अपूरणीय रहेगी।