सीधी जिले के नगर परिषद मझौली के वार्ड नंबर दो निवासी रामनरेश कुशवाहा की 15 वर्षीय पुत्री आरती का शव लापता होने के सातवें दिन घर से कुछ दूर एक कुएं में मिला। शव का अंतिम संस्कार आज आठवें दिन शाम चार बजे परिजनों और पुलिस की उपस्थिति में कराया गया।
जानकारी के अनुसार आरती कुशवाहा 31 दिसंबर को अपने घर से लापता हो गई थी। उसकी गुमशुदगी की शिकायत एक जनवरी को उसकी मां मानवती कुशवाहा ने मझौली थाने में की थी। इसके बाद सातवें दिन छह जनवरी की रात उसका शव घर से कुछ दूर बने एक कुएं में देखा गया। जिसकी जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया।
परिजन जता रहे हत्या की आशंका
वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। उनका कहना था कि मृतका के पिता काम के सिलसिले दूसरे शहर में है उनके आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद आज परिजन मृतक किशोरी का पीएम जिला चिकित्सालय में कराने और हत्या का मामला दर्ज करने को लेकर अड़ गए। जानकारी मिलते ही नगर निरीक्षक दीपक बाघेल मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। इसके बाद शव को जिला चिकित्सालय भेजा गया। इसके बाद शाम चार बजे परिजनों व पुलिस की उपस्थिति में उसका अंतिम संस्कार कराया गया।