इंदरगढ़ के ररुआराय 33/11 केवी सबस्टेशन में आधी रात हंगामे, ऑपरेटर से मारपीट और चार राउंड फायरिंग का आरोप है। तोड़फोड़ से विद्युत उपकरण और रिकॉर्ड क्षतिग्रस्त हुए। विभाग ने करीब तीन लाख रुपये नुकसान बताया, जबकि बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ररुआराय स्थित 33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन में शुक्रवार की आधी रात हंगामे और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग अचानक सबस्टेशन परिसर में पहुंचे और ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर के साथ मारपीट की। इसके बाद धमकाने और हवा में चार राउंड फायर करने का भी आरोप लगाया गया है। हंगामे के दौरान सबस्टेशन में लगे विद्युत उपकरणों और जरूरी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने के साथ ऑपरेटर का मोबाइल फोन और 2570 रुपये नकद ले जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग ने तोड़फोड़ के कारण करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। वहीं, सबस्टेशन से जुड़े पंप और आबादी फीडर प्रभावित होने से बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौके पर पहुंचने के बाद इन लोगों ने ऑपरेटर के साथ विवाद किया। विवाद बढ़ने पर पारस के साथ मारपीट की गई और उसे धमकाया गया। इसी दौरान फायरिंग की आवाज सुनाई देने से आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सबस्टेशन में विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और वहां पहुंचे लोगों का उद्देश्य क्या था। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, बिजली आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र में आधी रात हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।