दतिया पुलिस ने अवैध शराब जब्त कर ली।
- फोटो : अमर उजाला
दतिया में अवैध शराब के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उनाव रोड स्थित बस बाड़ी के पास एक मकान से करीब 59 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, यह मकान भाजपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष बद्री साहू से जुड़ा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उनाव रोड स्थित बस बाड़ी के पास एक मकान में अवैध शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने मुकेश साहू के घर के बाहर बने बाथरूम की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग ब्रांड की देशी और अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने कुल 58 लीटर 950 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें-
अपने ही दादा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुई पोती, दुष्कर्म-अश्लील हरकतों से परेशान होकर उठाया कदम
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से मुकेश साहू और सक्षम चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस के मुताबिक, राकेश साहू मौके से फरार हो गया। राकेश साहू पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद के पति बताए जा रहे हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी मुकेश साहू, भाजपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष बद्री साहू का बेटा है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि बरामद शराब किसके कब्जे में थी और इसे कहां से लाकर रखा गया था।
सिविल लाइन पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस बरामद शराब के स्रोत, इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और फरार आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।