Damoh: दमोह जिले के हटा ब्लॉक में मंगलवार की रात बिजली समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को ताला लगाकर कार्यालय में ही कैद कर दिया। जिसके बाद काफी देर तक प्रदर्शन किया।
हटा ब्लॉक में बिजली समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को ताला लगाकर कार्यालय में ही कैद कर दिया। सूचना मिलने के बाद जब बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तब ग्रामीणों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ताला खुलवाकर सभी कर्मचारियों को कार्यालय के बाहर निकाला। बता दें कि इस तालाबंदी के बारे में हटा ब्लॉक की अमझिर गांव से आए ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में 3 महीने से बिजली ट्रांसफार्मर नहीं है। पूरा गांव अंधेरे में डूबा है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि 3 महीने से लगातार हटा बिजली विभाग के अधिकारियों को आवेदन देकर गांव में ट्रांसफार्मर रखवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी इस समस्या पर किसी भी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। इसलिए मंगलवार की सुबह ग्रामीण बड़ी संख्या में हटा बिजली कार्यालय पहुंचे और पूरे दिन धरना प्रदर्शन किया।
कर्मचारी परिसर में कैद
अधिकारियों को बताया कि वह प्रदर्शन कर रहे हैं उनकी समस्या का निराकरण किया जाए। पूरा दिन निकल गया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने उनकी ओर ध्यान ही नहीं दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय के मुख्य गेट पर ही ताला लगा दिया। कार्यालय के अंदर मौजूद कर्मचारी परिसर में कैद हो गए, उन्होंने तत्काल ही अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
विज्ञापन
आश्वासन मिलने के बाद लौटे ग्रामीण
इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने भी इस बात को माना की अमझिर गांव में वाकई में 3 महीने से ग्रामीण बिजली समस्या से जूझ रहे हैं और वह कई बार आवेदन भी दे चुके हैं। उनके पास फिलहाल में ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं है, लेकिन ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से बात की गई है और बुधवार की शाम तक इस गांव में ट्रांसफार्मर रखवाया जाएगा। अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद सभी ग्रामीण रात में ही अपने गांव की ओर रवाना हुए।