दमोह जिले के हटा में दो सड़क हादसे सामने आए। एक हादसे में तेज रफ्तार ट्रॉला नवोदय विद्यालय के अंदर घुसते-घुसते बचा वहीं दूसरे हादसे में बोलेरो जीप पलटने के बाद मालवाहक ऑटो पर चढ़ गई।
जानकारी के अनुसार हटा के जवाहर नवोदय विद्यालय के मेन गेट के पास शनिवार सुबह एक ट्रॉला अनियंत्रित हो गया। इससे चालक नियंत्रण खो बैठा और नवोदय विद्यालय गेट के बाजू से बने यात्री प्रतीक्षालय से टकरा गया। इससे हड़कंप मच गया और विद्यालय प्रबंधन बाहर आया। तब घटना की जानकारी लगी। पोकलेन मशीन लेकर यह ट्रॉला हटा से लुहारी गांव जा रहा था। जिसका प्रेशर पाइप फट जाने के कारण ब्रेक फेल हो गए और अनियंत्रित होकर स्कूल गेट के बाजू से जा घुसा। गनीमत रही हादसे के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
मालवाहक पर चढ़ी बोलेरो
दमोह हटा मार्ग पर मंगलम ढाबा के पास एक बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई और पलटी खाते हुए सड़क पर खड़े मालवाहक ऑटो के पीछे चढ़ गई। राहगीरों का कहना है कि पुलिस बैरिकेड को बचाने के चक्कर में बोलेरो अनियंत्रित हुई। हटा निवासी दिनेश फौजदार गाड़ी में सवार थे। एयरबैग खुलने से वह घायल होने से बच गए।