स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री बनने के बाद दमोह के जबेरा विधायक धर्मेंद्र सिंह का प्रथम नगर आगमन हुआ। उनके स्वागत में कटंगी से लेकर गृह ग्राम नोहटा तक हजारों लोग उमड़े, जिसमें कुछ जेब कतरे भी शामिल हो गए और मंत्री के स्वागत में शामिल हुए दर्जनों लोगों के जेब काटकर हजारों रुपये की चपत लगा दी।
मंत्रीजी के स्वागत में उमड़े लोगों की जेब साफ हो गई। वे इधर मंत्रीजी का स्वागत करते रहे, उधर जेबकतरों ने हाथ की सफाई दिखा दी। इन जेबकतरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री किसी भी नहीं छोड़ा। इसकी शिकायत लोगों ने पुलिस में की है, लेकिन जेबकतरे अभी तक नहीं पकड़े गए। एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
दरअसल राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनने के बाद धर्मेंद्र सिंह लोधी का प्रथम नगर आगमन हुआ, जिसमें जबेरा विधानसभा की प्रवेश सीमा गुबरा से गृह गांव नोहटा तक मंत्री के स्वागत में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी थी। इस दौरान लोग मंत्री का स्वागत करने में मग्न रहे और भीड़ का फायदा उठाकर जेब कतरों ने लोगों के जेब काटने शुरू कर दिए और लोगों को भीड़ के दौरान पता भी नहीं चला। जेब कतरों के शिकार बने लोगों ने इसकी जानकारी गुबरा गांव में ही पुलिस को दी।
एक को भीड़ ने पीटा
जेबकतरों ने बनवार मंडल अध्यक्ष शीतल राय का जेब काटने का प्रयास किया। जैसे ही जेबकतरे का हाथ मंडल अध्यक्ष के जेब तक पहुंचा उन्होंने जेब कतरे का हाथ पकड़ लिया। यह देखते ही जेब काटने वाले की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका जबेरा के आगे कलेहरा गांव में भी मंत्री के स्वागत करने पहुंची भीड़ के बीच सक्रिय जेब काटने वाले गिरोह के सदस्यों ने कई लोगों के जेब से पैसे निकाल लिए। इसमें मंडल अध्यक्ष राजेश सिंघई 7800, महामंत्री इंद्रजीत सिंह 8500, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष बंटी दुबे 3500, देवेंद्र लंबरदार 8000, भूपेश गंधर्व, संजय जैन के 20-20 हजार रुपये के अलावा दशरथ साहू 7500, शेलू जैन, ओपी शर्मा जबेरा सहित सैकड़ों लोगों की जेब कट गई। इसकी शिकायत से आवेदन के माध्यम से जबेरा पुलिस थाना में की गई है।
जबेरा थाना प्रभारी विजय अहिरवार ने बताया कि पकड़ा गया जेबकतरा अपने आप को जबलपुर निवासी बता रहा है। पूछताछ की जा रही है। जबेरा में जेब काटने के बाद कलेहरा में जेब काटने की घटना सामने आई है, जिससे भीड़ में जेब कट गिरोह के सदस्यों के सक्रिय होने के मामले की जांच की जा रही है। पकड़े गए जेब कतरे का रिकार्ड जबलपुर थाना से निकलवाया जा रहा है बाकी लोगों को पुलिस खोज रही है।