दमोह जिले में वाल्मीकि और अहिरवार समाज के बीच काफी दिन से चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छुआछूत को लेकर शुरू हुई बहस के बाद एक युवक को बंदूक की बट मारकर घायल कर दिया है। दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र में नरसिंहगढ़ के एक युवक पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला कर दिया। पूरा विवाद छुआछूत को लेकर है, जो काफी समय से दोनों पक्षों में चल रहा है।
अहिरवार समाज के लोगों ने रविवार रात को वाल्मीकि समाज के युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। उसके सिर पर कट्टे की बट से हमला किया जिससे वह घायल हो गया। परिजन घायल युवक को नरसिंहगढ़ चौकी लेकर पहुंचे और वहां उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर किया। एंबुलेंस के माध्यम से घायल को रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक आकाश वाल्मीकि का कहना है कि उनके बीच पहले से विवाह चल रहा है। उस समय एक साथ नल आते थे। पानी भरने के लिए सभी लोग पहुंचते थे। अहिरवार समाज के लोगों का कहना था कि तुम वाल्मीकि समाज से हो। निचली जाति के हो, इसलिए साथ में पानी नहीं भर सकते। इस दौरान उन्होंने मेरी बहन के साथ छेड़खानी की थी। इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज है। तभी से आरोपियों से उनका विवाद चल रहा है। रात में आरोपी हेमराज, बंटी, छोटू, रवि और नन्हे मेरे पास पहुंचे और मुझसे शराब पिलाने के लिए कहा। जब मैंने मना कर दिया तो आरोपियों ने मेरे ऊपर हमला कर दिया। कट्टे की बट से मेरे सिर में चोट पहुंचाई। सभी ने मिलकर पीटा। घायल युवक की मां ने बताया कि मैं जब बचाने पहुंची, तो आरोपियों ने मेरे साथ भी मारपीट की। पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप भी लगे हैं। परिवार के लोगों ने चौकी में पहुंचकर काफी देर तक अपना गुस्सा जाहिर किया। हालांकि पुलिस ने घायल को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।