सरकारी स्कूलों में शासन की ओर से दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन में कीड़े निकले हैं। दमोह जिले के तेंदूखेड़ा के धनगौर गांव के शासकीय मिडिल स्कूल में बच्चों को दिए गए मध्याह्न भोजन में कीड़े निकले हैं।बच्चों ने अपने परिजनों को सूचना दी तो वह भी मौके पर पहुंचे। जब परिजनों ने शिक्षकों से शिकायत की तो वह चुप्पी साध गए। इसकी जानकारी तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ को मिली तो उन्होंने बीआरसी और जनपद के कर्मचारियों को मौके पर भेजा। इसकी जांच कराई तो जानकारी सच निकली। समूह संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
यह मामला ग्राम पंचायत धनगौर के मिडिल स्कूल का है। इस परिसर में मिडिल और प्राथमिक स्कूल संचालित है। दोनों स्कूलों में अलग-अलग समूहों द्वारा मध्याह्न भोजन दिया जाता है। इसकी शिकायते लगातार आ रही थी। यहां पदस्थ शिक्षक हमेशा मामले को शांत कर देते थे। बुधवार को जब बच्चों को खाने में दी गई खीर में कीड़े निकले तो उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। अभिभावक यह देखते ही आक्रोशित हो गए और उन्होंने जनपद सीईओ मनीष बागरी को सूचना दी।
शिक्षकों पर लगाए आरोप
धनगौर प्राथमिक और मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक भी लगातार अपने कार्यों के प्रति लापरवाही करते हैं। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने कई बार की है। अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षक मनमर्जी से स्कूल आते हैं और जाते हैं। धनगौर में पढ़ने वाले छात्रों में से 80 प्रतिशत बच्चों पर पुस्तक पढ़ते तक नहीं बनती। हम लोगों ने कई बार आपत्ति ली है, लेकिन शिक्षकों पर कोई कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद हैं। अभिभावकों ने कहा कि स्कूल में आज तक मीनू के अनुसार कभी भोजन नहीं मिला। बुधवार को बच्चों के लिए परोसी गई खीर में कीड़े निकले। अनदेखी में बच्चे वह भोजन खा लेते और बीमार होते तो जिम्मेदार कौन होता?
सीईओ ने दिया नोटिस
धनगौर मिडिल स्कूल की शिकायत आने के बाद जनपद सीईओ मनीष बागरी ने जनपद के विकासखंड शिक्षा केंद्र से जांच के लिए कर्मचारी भेजे। जांच में लगे आरोप पूरी तरह सत्य पाए गए। तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ मनीष बागरी ने बताया कि शिकायत आने के बाद जांच के लिए टीम भेजी गई थी खीर में कीड़े मिले हैं। नोटिस काटा गया है जबाब आते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।