सड़क हादसे में प्रधान आरक्षक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले के कुम्हारी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक इमरान खान की शनिवार रात दमोह कटनी मार्ग पर सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार जिले के कुम्हारी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक इमरान खान 35 वर्ष कुम्हारी से वाहन चालानी कार्रवाई की राशि जमा करने के लिए बाइक से शनिवार की शाम दमोह आ रहा था। रात लगभग 8 बजे दमोह कटनी टोल प्लाजा के आगे किसी अज्ञात वाहन ने प्रधान आरक्षक की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
बता दें कि प्रधान आरक्षक इमरान गाना गाने का शौकीन था और अधिकारियों की विदाई के समय उसके द्वारा अनेक प्रकार के गीत भी गाये गए थे। अभी हाल ही में आरक्षक से पदोन्नति होने पर वह प्रधान आरक्षक बना था, जिस कारण से उसकी पुलिस अधीक्षक कार्यालय से कुम्हारी पुलिस थाना में पद स्थापना की गई थी। सागर जिले के देवरी निवासी इमरान खान के परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटियां भी हैं। अभी तीन माह पहले ही उसकी पत्नी का भी संविदा शिक्षक वर्ग 3 में चयन हुआ है। घटना की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी रोहित द्विवेदी, एएसपी संदीप मिश्रा तथा एसडीओ की हटा नितेश पटेल, रक्षित निरीक्षक हेमंत तथा हिंडोरिया टीआई महेंद्र सिंह जगेत घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।