दमोह जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र और नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आकाशीय बिजली गिरने से 14 बकरियों सहित तीन लोग झुलस गए। एक किसान की हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर किया गया है।
किसान की हालत गंभीर
कुम्हारी थाना के गाता गांव में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरी, जिसमें खेत में काम कर रहा किसान परम पिता खिलान यादव आकाशीय बिजली गिरने की चपेट में आ गया। किसान को गंभीर हालत में इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी रत डॉक्टर आरिफ खान ने इलाज कर हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर किया है। ग्रामीण विजय सिंह, राजेंद्र प्रजापति व अनिल यादव ने बताया कि शुक्रवार शाम पांच बजे गाता गांव के खेत में काम कर रहे परम यादव आकाशीय बिजली की चपेट में आ जाने से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल लाए।
14 बकरियों की मौत, मां-बेटा गंभीर
नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवार चौकी स्थित ग्राम हरदुआ मानगढ़ में शुक्रवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से 14 बकरियों की घटना स्थल पर मौत और बकरी चराने गए मां-बेटे चपेट में आ जाने से गंभीर हालत में दमोह जिला अस्पताल में लाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बनवार चौकी प्रभारी मनीष यादव, आरक्षक मणिवालिप्पा और कृष्ण कुमार ने पहुंचकर मां-बेटे को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि सम्पत रानी पति कल्लू आदिवासी उम्र करीब 35 वर्ष और बेटा प्रीतम उम्र करीब 14 वर्ष निवासी हरदुआ मानगढ़ (करखो) आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।