एसडीओपी की समझाइश के बाद आक्रोशित परिजन माने।
- फोटो : सोशल मीडिया
दमोह में सड़क हादसे में एक युवक की मौत पर परिजनों ने बुधवार दोपहर दमोह छतरपुर स्टेट हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करते हुए पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक मार्ग बाधित रहा। इसके बाद हटा एसडीओपी वीरेंद्र बहादुर सिंह के आश्वासन पर परिजन माने और मृतक का अंतिम संस्कार किया।
बता दें कि दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत फुटेरा गांव निवासी आजाद खान को तीन जुलाई को एक अज्ञात कार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था। इसका इलाज जबलपुर में चल रहा था, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि वह लोग बटियागढ़ थाना गए जहां पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। गाली-गलौज की गई और रिपोर्ट दर्ज करने से मना किया गया। इसके कारण मुस्लिम समुदाय के साथ ग्रामीणों द्वारा बटियागढ़ बायपास पर शव रखकर चक्काजाम किया गया। परिजनों का कहना था कि पुलिस उस चार पहिया वाहन को जब्त करे जिसने उनके बेटे को टक्कर मारी है और जिन पुलिसकर्मियों के द्वारा अभद्रता की गई है उन पर कार्रवाई की जाए।
करीब दो घंटे तक परिजन हंगामा करते रहे और सड़क पर जाम लगा रहा। मौके पर बटियागढ़ पुलिस मौजूद रही, वहीं पथरिया एसडीएम, बटियागढ़ तहसीलदार एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर हटा एसडीओपी वीरेंद्र बहादुर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाया और परिजनों को मुआवजा दिलाने की बात कही है।