चोर कितना ही शातिर क्यों न हो वह अपने अपराध से संबंधित कोई सुराग छोड़ ही जाता है। ऐसा ही मामला दमोह में सामने आया है। पुलिस ने ऐसे दो चोरों को उनके फिंगर प्रिंट के आधार पर पकड़ा है, जिन्होंने पुलिसकर्मी के घर हाथ साफ किया था।
दमोह के वन विभाग डिपो में रहने वाले पुलिसकर्मी के घर दो दिन पहले लाखों रुपये की चोरी हुई थी। इसी मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को फिंगरप्रिंट के आधार पर पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपनी चोरी कबूल की है, जिनके पास से पुलिस ने चोरी का सामान और नकदी और जेवर जब्त कर लिए हैं।
एडिशनल एसपी शिव कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान आरक्षक सरमन सिंह के सूने घर में दो आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके से कुछ फिंगरप्रिंट लिए थे। उन्होंने अपने डेटा से उन फिंगर प्रिंट को मैच किया तो दो आरोपियों के नाम सामने आए। जब उन्हें पकड़ कर उनसे पूछताछ की गई तो दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए सभी जेवर और नकदी बरामद कर ली है। एडिशनल एसपी ने बताया कि कोतवाली टीआई विजय सिंह राजपूत की टीम ने इन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी कोमल पिता फागू लाल वंशकार एवं आरोपी सूरज वंशकार ने सूने घर में सेंध लगाकर चोरी की थी।