बारिश का मौसम आते ही किसान खेती-बाड़ी के काम में लग जाते हैं। इस समय खेतों में फसल के लिए बोवनी का काम चल रहा है। दमोह में कुम्हारी थाना के चीलघाट गांव में भी एक किसान गुरुवार दोपहर खुद ट्रैक्टर चलाते हुए खेत में बोवनी कर रहा था।
इसी दौरान मेड़ पर ट्रैक्टर पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया।
जानकारी देते हुए मृतक राजू यादव पिता मिट्ठू यादव 36 साल के भाई सुनील यादव ने बताया कि गुरुवार को उसके बड़े भाई खेत पर ट्रैक्टर से बोनी कर रहे थे। तभी अचानक मेड़ पर पहुंचते ही अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया और भाई ट्रैक्टर में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।