दमोह जिले के पथरिया में बुधवार सुबह पांच बजे चाय पीने गए बुजुर्ग की दो आरोपियों ने पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों की निशानदेही पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो शराब के नशे में चूर थे उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक पप्पू ठाकुर (50) वार्ड क्रमांक 15 में रहता था। मृतक की बहू द्रोपतीबाई ने बताया कि उन्हें खबर मिली कि उनके जेठ कृषि मंडी गेट के बाहर खून से लथपथ पड़े हुए हैं। जब हम अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने दो युवकों की ओर इशारा करके बताया कि इन्होंने ही पप्पू को मारा है। हमने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन कुछ देर बाद वह नजर से ओझल हो गए।
मृतक के भाई घुम्मन ने कहा कि उनके भाई चाय पीने के लिए कृषि उपज मंडी के पास संचालित दुकान पर गए थे। इसी दौरान वहां पर आरोपी शरद अहिरवार और मनीष अहिरवार ने मेरे भाई के साथ पत्थर पटककर मारपीट की और उनकी हत्या कर दी। स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि आरोपियों ने पहले मारपीट करते हुए घसीटा और कृषि मंडी के गेट के बाजू में ले गए और वहां पर सिर पर पत्थर पटक-पटककर उनकी हत्या कर दी। परिजनों की निशानदेही पर टीआई रजनी शुक्ला ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आरोपियों के गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई।