जयवर्धन सिंह पत्रकारवार्ता में।
- फोटो : amar ujala digital
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर टिप्पणी करने वाले भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय काफी योग्य नेता है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में काफी मेहनत की। उसके बाद उन्हें राज्यसभा में जाना चाहिए था, लेकिन नहीं जा पाए। दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उन्हें भाजपा में बेचारा बना रखा है,जबकि वे मेरे पिता दिग्विजय सिंह को बेचारा कहते है।
सिंह ने कहा कि मंत्री नरोत्तम मिश्रा उनके पिता दिग्विजय सिंह के बारे में बयान देने के बजाए उनके विधानसभा क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। मिश्रा तो महाराज भाजपा में है और न शिवराज भाजपा में, वेे तो नाराज भाजपा के मुख्य अंग है।
सिंधिया का मैं काफी सम्मान करता था
जयवर्धन सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया जब कांग्रेस में थे, तो उन्हें महत्वपूर्ण पद मिले। मैं भी उनका सम्मान करता था। कांग्रेस में कोई उनका राजनीतिक कद कम नहीं करना चाहता था, दरअसल वे लोकसभा में अपनी हार नहीं सहन कर पाए, लेकिन भाजपा में भी उनकी भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा अलग-अलग गुटों में बंट चुकी है। नेता संगठन से अपना नियंत्रण खो चुके हैै। जनता ही इस बार भाजपा की सरकार नहीं चाहती है।
भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को फायदा मिलेगा
श्री सिंह ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है। राहुल गांधी में क्षमता है जनता के बीच रहने की। यात्रा से जनता के बीच सकारात्मक संदेश गया है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारत जोड़ो यात्रा से फायदा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टिकटों की डिमांड को गुटबाजी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। कांग्रेस में कई सीटों पर एक से अधिक योग्य उम्मीदवार है। इस बार युवाअेां को भी ज्यादा टिकट मिलेगा। सिंह ने कहा कि इंदौर के शहर अध्यक्ष की नियुक्ति के मामले में जल्दी निर्णय लिया जाएगा। हमने फैसला लेना में काफी देर की है।