दमोह में इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनाकर नाबालिग किशोरी की फोटो मांगने और बाद में पैसों की डिमांड करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
महिला थाना टीआई सुषमा श्रीवास्तव ने बताया कि चार जुलाई को नाबालिग बालिका द्वारा महिला थाना दमोह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कोतवाली थाना क्षेत्र के लोको निवासी पुष्पेंद्र रैकवार ने उससे पहले इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर दोस्ती कर ली। इसके बाद दोनों के बीच बातें होने लगी तो आरोपी ने उसके फोटो मंगा लिए, जो उसने भरोसे में आकर दे दिए।
इसके बाद आरोपी ने फोटो से कुछ छेड़छाड़ कर उन्हें वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया और पैसों की मांग की जाने लगी। नाबालिग ने चार-पांच बार डर के कारण कभी एक तो कभी चार हजार रुपये आरोपी को दिए। इसके बाद पीड़ित के पास पैसे खत्म हो गए तो आरोपी ने चोरी करने के लिए दवाब बनाया। जब नाबालिग परेशान हो गई तो उसने परिवार के लोगों को पूरी जानकारी दी और परिजनों ने महिला थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी के खिलाफ धारा-354, 386, 506, 67, आईटीएक्ट 7, 8, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया। महिला थाना प्रभारी सुषमा श्रीवास्तव ने तत्काल एसपी राकेश कुमार सिंह को भी अवगत कराया और आरोपी पंकज रैकवार निवासी लोको को साइबर सेल की मदद से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।