दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ाजय सिंह में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के एक युवक पर कथित रूप से खौलता पानी डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पहले जिला अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया। बुधवार को परिजन घायल को एंबुलेंस से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घर में घुसकर खौलता पानी डालने का आरोप
घायल की पहचान 40 वर्षीय हरि सिंह निवासी ग्राम बरखेड़ाजय सिंह के रूप में हुई है। पीड़ित के भाई आशीष सिंह ने बताया कि तीन जून की सुबह गांव के ही माधव सिंह ने उनके घर में घुसकर हरि सिंह पर खौलता हुआ पानी डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों के अनुसार, हरि सिंह की चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुराने विवाद को बताया हमले की वजह
परिजनों का आरोप है कि आरोपी और उनके परिवार के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने जान से मारने की नीयत से यह हमला किया। हमले में हरि सिंह के शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया। घटना के बाद घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने पहले जिला अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
पढ़ें: नौतपा में गर्मी नहीं, आंधी-बारिश का रिकॉर्ड, 9 दिन मौसम रहा मेहरबान, 36 जिलों में फिर अलर्ट
एंबुलेंस से एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन
बुधवार को परिजन घायल को एंबुलेंस से लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी देते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
एडिशनल एसपी ने दिए जांच के निर्देश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि बरखेड़ाजय सिंह निवासी हरि सिंह को जलने की स्थिति में उनके परिजन एसपी कार्यालय लेकर आए थे। परिजनों ने गांव के ही माधव सिंह पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित से बातचीत की गई है। मामले में जीरो पर प्रकरण दर्ज कर संबंधित थाना क्षेत्र को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।