मध्य प्रदेश में इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडीएमए या म्याऊं म्याऊं ड्रग आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 19 ग्राम ड्रग भी जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि आपूर्तिकर्ता अनिल पुरी उर्फ अनिल गोस्वामी सेक्स रैकेट के मालिकों को ड्रग पहुंचाने आया था। ड्रग का इस्तेमाल यौन क्षमता बढ़ाने में किया जाता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम ब्रांच गुरु प्रसाद पारासर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को अनिल पुरी कार से एमडीएमए ड्रग लेकर विजय नगर इलाके में पहुंचा और पकड़ा गया। वह यह ड्रग सागर जैन और धर्मेंद्र जैन को देने आया था।
पुलिस ने उसके पास से 19 ग्राम एमडीएमए ड्रग भी जब्त किया। इस ड्रग को म्याऊं म्याऊं ड्रग नाम से भी जाना जाता है। एएसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि इंदौर के विजय नगर इलाके में हाल ही में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
बांग्लादेश से जबरन भारत लाई गई 12 महिलाओं और विभिन्न प्रदेशों से लाई गई 7 महिलाओं को सेक्स रैकेट के चंगुल से मुक्त कराया गया। सेक्स रैकेट के लोग एमडीएमए ड्रग अपने ग्राहकों और लड़कियों को यौन क्षमता बढ़ाने के लिए देते थे। पुलिस इस मामले में सागर जैन और धर्मेंद्र जैन की तलाश कर रही है।