राजधानी में मंगलवार को 498 नए मरीज, तो प्रदेश में 2173 संक्रमित मिले। आनंद नगर नया हॉटस्पॉट बना है। यहां एक दिन में 17 नए मरीज मिले। जबकि चार दिन में 50 केस मिल चुके हैं। फिल्म लव हॉस्टल के चार क्रू मेंबर कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। प्रदेश में संक्रमण दर 10.6 फीसदी हो गई है। इससे ज्यादा दर पिछले साल सितंबर में 13.50 फीसदी थी।
बिना पीपीई किट परिजन कर रहे दाह संस्कार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भोपाल के श्मशान घाटों पर परिजन पीपीई किट जैसे बिना सुरक्षा उपकरण पहने खुद ही अंतिम संस्कार कर रहे हैं। इसी तरह, झदा कब्रिस्तान कमेटी के अध्यक्ष रेहान गोल्ड ने बताया कि यहां भी परिजनों के सहयोग से मरीजों को दफन किया जा रहा है।
भदभदा श्मशान घाट पर टीम को कई लाशें जलती मिलीं। सामान्य दिनों में होने वाले अंतिम संस्कार की अपेक्षा अभी दोगुने अंतिम संस्कार हो रहे हैं। यही वजह है कि यहां लकड़ियों की किल्लत हो गई है। गोदाम खाली हो गया है। विश्रामघाट समिति प्राइवेट वेंडर से लकड़ी बुलाकर काम चला रही है। अभी विश्रामघाट पर सिर्फ एक दिन के उपयोग लायक लकड़ी ही बची है। अगर बुधवार यानी आज लकड़ी की खेप नहीं पहुंची, तो गुरुवार को अंतिम संस्कार नहीं हो पाएंगे।
इंदौर में 20 कोविड शव आए
इंदौर के सरकारी रिकॉर्ड में हर दिन दो से तीन कोविड मरीजों की मौत दर्ज है, लेकिन वास्तव में यह संख्या ज्यादा है। एमवाय हॉस्पिटल में बीते 24 घंटे में 20 शव मर्चुरी पहुंचे। इनमें कोविड व संदिग्धों मरीजों के शव शामिल हैं। वहीं अरबिंदो अस्पताल में भी पांच मौतों की सूचना है। बीते दो दिन से मर्चुरी में शवों की संख्या बढ़ी है।