मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा में मंगलवार की रात अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस के सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र यदुवंशी (35) की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी।
परासिया के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) अशोक तिवारी ने बुधवार को बताया कि राजेंद्र यदुवंशी की उस वक्त रेलवे पुलिया के पास हत्या की गई, जब वह परासिया से ईडीसी कैम्प स्थित अपने घर की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। वह परासिया सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष थे।
उन्होंने कहा कि अज्ञात हमलावरों ने पहले उन पर बेस बाल के बल्ले से हमला किया और जब वह चलती मोटरसाइकिल से नीचे गिर गये, तब उसके बाद धारदार हथियार से प्रहार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गये। तिवारी ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल पर बेस बॉल का टूटा हुआ बल्ला और धारदार हथियार मिला है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।